छात्रावास अधीक्षक मुख्यालय पर रहकर सुनिश्चित करें बेहतर व्यवस्थाएं: संभागीय उपायुक्त

सिंगरौली/छात्रावास अधीक्षक पूर्ण समय अपने मुख्यालय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और छात्रावासों की व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर व सुदृढ़ बनाना सुनिश्चित करें। बच्चों के आवासीय कमरों में पर्याप्त रोशनी, शुद्ध पेयजल तथा शौचालय व बाथरूम में रनिंग वाटर की सुचारू व्यवस्था हर हाल में होनी चाहिए। यह निर्देश संभागीय उपायुक्त, जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास रीवा संभाग श्री जे.पी. यादव द्वारा जिला पंचायत सिंगरौली के सभाकक्ष में आयोजित एक संयुक्त समीक्षा बैठक में दिए गए। बैठक में जनजातीय कार्य विभाग के साथ-साथ शिक्षा विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों के अधीक्षक मुख्य रूप से उपस्थित थे।संभागीय उपायुक्त श्री यादव ने छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कहा कि परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू हालत में होने चाहिए। उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि बच्चों को उनके पालकों और सगे भाई-बहनों के अलावा किसी भी अन्य व्यक्ति के साथ न छोड़ा जाए। छात्रावास में बच्चों को लाने और ले जाने वाले सभी व्यक्तियों का एक व्यवस्थित रिकॉर्ड संधारित किया जाए। इसके साथ ही छात्रावास भवन, परिसर तथा विद्यार्थियों की व्यक्तिगत साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा हर माह बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे के बीमार होने पर तत्काल डॉक्टर को दिखाकर उसका उपचार कराया जाए।
श्री यादव ने अधीक्षकों को निर्देशित किया कि आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 में छात्रावासों की सीटें शत-प्रतिशत भरी जानी चाहिए। इसके लिए ग्रामीण व संबंधित क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा बच्चों व उनके पालकों से सीधा संपर्क कर उन्हें छात्रावास में प्रवेश के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामग्री खरीदी में भंडार क्रय नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए केवल उच्च गुणवत्ता युक्त सामग्री ही क्रय की जाए। आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश शुरू होने से पहले ही परिसरों में पौधारोपण की तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
छात्रावास परिसर में छायादार और फलदार पौधे लगाए जाएं तथा सब्जियों के लिए किचन गार्डन विकसित किया जाए। इसके अलावा, उन्होंने अधीक्षकों से स्वयं किताबें पढ़ने की आदत डालने और बच्चों में भी यही आदत विकसित करने का प्रयास करने को कहा।बैठक में उपस्थित जिला परियोजना समन्वयक श्री राम लखन शुक्ला ने सभी अधीक्षकों को शासन के निर्धारित मीनू के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन प्रदाय करने तथा मींस-कम-मेरिट छात्रवृत्ति के अधिक से अधिक आवेदन भरवाने के निर्देश दिए। वहीं, सहायक परियोजना समन्वयक श्रीमती कविता त्रिपाठी ने कहा कि छात्रावासों के वातावरण को आकर्षक और रुचिकर बनाएं ताकि बच्चे वहां आकर्षित होकर न केवल प्रवेश लें, बल्कि खुशी-खुशी ठहर भी सकें।इस महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक में जनजातीय कार्य विभाग के सहायक संचालक श्री जितेंद्र सिंह, संयुक्त संचालक कार्यालय रीवा के सहायक संचालक श्री संजय रावत एवं श्री विवेक पटेल सहित दोनों विभागों के छात्रावास अधीक्षक उपस्थित थे।













