ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जिले के तीनों विकासखण्डों में कृषि रथ के माध्यम से किसानों को दी जा रही आधुनिक खेती की जानकारी

सिंगरौली ;/जिले में किसानों को समृद्ध बनाने और उन्हें उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से ‘कृषक कल्याण वर्ष 2026’ के तहत एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। खरीफ सीजन की पूर्व संध्या पर जिले के तीनों विकासखण्डों में ‘कृषि रथ’ का संचालन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से किसानों को आधुनिक खेती के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत किसानों को ई-विकास प्रणाली द्वारा उर्वरक वितरण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती के लाभ, एकीकृत पोषक तत्व, कीट एवं रोग प्रबन्धन तथा फसल विविधीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर शिक्षित किया जा रहा है। साथ ही, पराली प्रबन्धन के प्रति भी किसानों को सजग किया जा रहा है ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहे।

अभियान के दौरान वैज्ञानिक खेती पर विशेष जोर देते हुए ग्रीष्मकालीन फसलों जैसे उड़द, मक्का, तिल और मूंगफली की खेती को बढ़ावा देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि किसान केवल पारंपरिक खेती तक सीमित न रहकर पशुपालन, मुर्गीपालन, मछली पालन, फल उत्पादन और सब्जी की खेती जैसी सहायक गतिविधियों को एक साथ जोड़कर अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। यह कृषि रथ जिले के सुदूर क्षेत्रों में पहुँचकर किसानों को आधुनिक संसाधनों और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित कर रहा है, जिससे जिले के कृषि क्षेत्र में नई खुशहाली आने की उम्मीद है।

Author

Related Articles

Back to top button