ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नई शिक्षा, नया आत्मविश्वास, नई पहचान — एनटीपीसी सिंगरौली में बालिका सशक्तीकरण अभियान प्रारम्भ

एनटीपीसी सिंगरौली में बालिका सशक्तीकरण अभियान-2026 कार्यशाला का भव्य उद्घाटन

सिंगरौली- एनटीपीसी सिंगरौली के सीएसआर विभाग के द्वारा गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी ग्रीष्मकालीन सत्र के तहत एक माह के लिए बालिका सशक्तीकरण अभियान कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस ग्रीष्मकालीन सत्र बालिका सशक्तीकरण अभियान कार्यशाला का भव्य उद्घाटन दिनांक 20 मई 2026 को स्थानीय सरस्वती सभागार में मुख्य अतिथि श्री संदीप नायक, परियोजना प्रमुख (एनटीपीसी सिंगरौली), विशिष्ट अतिथि श्री संजय असाटी, परियोजना प्रमुख (एनटीपीसी रिहंद),श्रीमती प्रज्ञा नायक, अध्यक्षा (वनिता समाज, शक्तिनगर), श्रीमती नीलू असाटी, अध्यक्षा, वीएमएमएस, एनटीपीसी रिहंद, श्री ए.जे. राजकुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण, (एनटीपीसी विंध्याचल), श्री माणिक्यन सुरेश, महाप्रबंधक, (अनुरक्षण एवं एडीएम, एनटीपीसी विंध्याचल), श्री एस.के. सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं एफएम, एनटीपीसी विंध्याचल), श्री रश्मिरंजन मोहंती, महाप्रबंधक (परियोजना), श्रीमती एस मोहंती, प्रभारी,बाल भवन, सभी विभागों के अपर महाप्रबंधक, वनिता समाज की वरिष्ठ सदस्याओं, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं एनटीपीसी गीत समवेत स्वर में गाने के साथ किया गया। तत्पश्चात् बालिका सशक्तीकरण अभियान के उद्घाटन एवं बालिकाओं के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मुख्य अतिथि तथा सभी वरिष्ठ गणमान्य अतिथियों एवं जेम बालिकाओं द्वारा केक काटा गया।

श्री नायक द्वारा अपने उद्बोधन में बालिका सशक्तीकरण के महत्व पर ज़ोर देते हुए सीएसआर पहल के अंतर्गत ग्रामीण बालिकाओं के सर्वांगीण विकास हेतु एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा आयोजित इस बालिका सशक्तीकरण अभियान की सराहना की गयी। उन्होंने कहा कि एक विकसित समाज हेतु महिलाओं का विकसित होना अत्यंत आवश्यक है एवं उन्हें गर्व है कि एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा इस दिशा में अनेकों सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अभियान में भाग ले रही सभी बालिकाओं की सुरक्षा एवं संरक्षा एनटीपीसी सिंगरौली की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा उनके लिए सुरक्षित, प्रेरणादायी एवं सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित करने हेतु हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर मानव संसाधन विभागाध्यक्ष श्री सिद्धार्थ मंडल ने भी सभी बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे बालिका सशक्तीकरण अभियान कार्यशाला का अधिकतम लाभ उठाएं एवं अपने समग्र व्यक्तित्व विकास के माध्यम से अपने परिवार, समाज एवं एनटीपीसी का नाम रोशन करें। उन्होंने सभी शिक्षकगण एवं जेम कोऑर्डिनेटर्स से भी अनुरोध किया कि वे सभी बालिकाओं में पर्याप्त साहस और आत्मविश्वास का संचार करें तथा उन्हें भविष्य के लिए पूर्ण रूप से सुशिक्षित एवं सशक्त बालिका के रूप में तैयार करें।

इस सुअवसर पर बालिका सशक्तीकरण अभियान के तहत चयनित विवेकानंद विद्यालय में अध्ययनरत बालिकाओं द्वारा भी अपने सांस्कृतिक कार्यक्रम, जेम कार्यशाला के अनुभव साझा किए गए एवं एनटीपीसी सिंगरौली को इस सीएसआर योजना हेतु धन्यवाद दिया गया।

इस अवसर पर सेंट जोसेफ, विवेकानंद, डॉ अंबेडकर, वनिता समाज के माध्यम से रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति की गई। कार्यक्रम में विवेकानंद विद्यालय में कक्षा-10 और 12 की उत्कृष्ट अध्ययनरत जेम बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया।

बता दें कि, बालिका सशक्तीकरण अभियान के तहत एनटीपीसी सिंगरौली के आस-पास के गाँव कोटा, तारापुर, रणहोर, लोझरा, चिल्काडांड, कोहरौल, रेहटा आदि में छठी कक्षा में अध्ययनरत 120 बालिकाओं को सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा बालिकाओं के समग्र व्यक्तित्व विकास हेतु आवासीय सुविधा के साथ व्यावहारिक कक्षा का संचालन, व्यक्तित्व विकास संबंधी प्रशिक्षण, खेल प्रशिक्षण,आत्म रक्षा प्रशिक्षण, कला-कौशल विकास संबंधी प्रशिक्षण एवं चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा रहीं हैं।

कार्यक्रम का सफल संचालन श्री अनुग्रह मिश्रा, उप प्रबन्धक (मानव संसाधन) एवं सुश्री खुशबू यादव (सहायक रसायनज्ञ) द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ ओम प्रकाश, उप महाप्रबंधक (राजभाषा) द्वारा किया गया।

Author

Related Articles

Back to top button