तमिलनाडु में टीवीके सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार, कांग्रेस भी शामिल
21 टीवीके और 2 कांग्रेस विधायकों ने ली शपथ, आईयूएमएल और वीसीके अभी बाहर

चेन्नई। तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कडग़म (टीवीके) सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार कर दिया गया है। इस चरण में टीवीके के 21 और सहयोगी दल कांग्रेस के 2 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। कांग्रेस के विधायक राजेश कुमार और तिरु पी. विश्वनाथन शामिल हुए हैं। यह लगभग छह दशकों में पहली बार है जब कांग्रेस तमिलनाडु सरकार का हिस्सा बनी है।
हालांकि, प्रमुख सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) और विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) अभी मंत्रिमंडल में शामिल नहीं हुए हैं। दोनों दलों के लिए एक-एक कैबिनेट पद आरक्षित है, लेकिन प्रतिनिधियों के नाम अभी तय नहीं किए गए हैं।
मुख्यमंत्री विजय ने 10 मई को 9 मंत्रियों के साथ शपथ ली थी। अब 23 नए मंत्रियों के शामिल होने के बाद कुल मंत्रियों की संख्या 32 हो गई है, जबकि अधिकतम 35 मंत्री हो सकते हैं।
टीवीके कोटे से शपथ लेने वाले प्रमुख नामों में श्रीनाथ, कमली एस, सी विजयलक्ष्मी, आरवी रंजीतकुमार, विनोद, राजीव, बी राजकुमार, वी गांधीराज, मथन राजा पी, जगदेश्वरी के, राजेश कुमार एस, एम विजय बालाजी, लोगेश तमिलसेल्वन डी, विजय तमिलन पार्थीबन ए, रमेश, पी विश्वनाथन, कुमार आर, थेन्नारासु के, वी संपत कुमार, मोहम्मद फरवास जे, डी सरथकुमार, एन मैरी विल्सन और विग्नेश के शामिल हैं।













