गामदेवी मार्केट कॉम्प्लेक्स में भीषण आग, 2 की मौत, 2 घायल

ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे रेलवे स्टेशन के पास स्थित गामदेवी मार्केट कॉम्प्लेक्स में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई, जिसमें एक फायरमैन और एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। दो अन्य दमकलकर्मी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। आग सुबह करीब 3:45 बजे लगी और तेजी से फैलने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बाजार में कपड़ों, सब्जियों और फलों की कई दुकानें थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें बहुत ऊंची थीं और घना धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था। आग इतनी भयावह थी कि दमकल विभाग ने ब्रिगेड कॉल घोषित की, जिससे अधिकतम संसाधनों को आग बुझाने के लिए मौके पर लगाया गया।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रशांत रोडे ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों में फायरमैन और सुरक्षा गार्ड शामिल हैं। क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि घायल दमकलकर्मियों का इलाज चल रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि बाजार परिसर में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील कपड़े होने के कारण आग तेजी से फैली। परिसर में सब्जी और फल मंडी के साथ स्थानीय नगर निगम का वार्ड कार्यालय भी था। दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।













