रतलाम में पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी का एसपी ऑफिस में धरना
जमीन पर कब्जा मामले में सुनवाई नहीं होने से नाराज, कार्रवाई के निर्देश दिए गए

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम में वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि पुलिस आम जनता और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रही है, जिससे अराजकता फैल रही है।
पूर्व गृह मंत्री ने बताया कि उनके बचपन के साथी और मीसाबंदी बसंत पुरोहित की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा किया गया था। उन्होंने थाने और एसपी से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस कारण नाराज होकर उन्होंने एसपी चैंबर के बाहर धरना दिया और चेतावनी दी कि अगर सुनवाई नहीं हुई तो आमरण अनशन कर सकते हैं और पार्टी छोड़ने का भी निर्णय ले सकते हैं।
धरने के बाद एसपी अमित कुमार ने तुरंत डीडी नगर थाना प्रभारी को बुलाकर मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी ने हिम्मत कोठारी को चैंबर में आमंत्रित कर स्थिति को नियंत्रित किया। स्थानीय अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
पूर्व गृह मंत्री ने मीडिया से कहा कि पिछले 2-3 महीने से मामले का समाधान नहीं होने के कारण वे मजबूर हुए और उन्होंने जनता एवं प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह कदम उठाया।













