दुआरी बायपास चौराहे पर शासकीय हैंडपंप पर कब्जे का आरोप, पानी के लिए भटक रहे ग्रामीण

सिंगरौली/देवसर। भीषण गर्मी के बीच ग्राम पंचायत सारौंधा अंतर्गत दुआरी बायपास चौराहे पर स्थित शासकीय हैंडपंप और बोरवेल पर कथित कब्जे का मामला सामने आने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वर्षों पुराने सरकारी जलस्रोत को बंद कर उसका पानी निजी उपयोग में लिया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार उक्त स्थल पर वर्षों पहले शासकीय हैंडपंप, बोरवेल, पानी की टंकी तथा सौर ऊर्जा आधारित आठ प्लेटों वाला जलप्रदाय सिस्टम स्थापित किया गया था। इसका उद्देश्य ग्रामीणों और राहगीरों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना था। लेकिन पिछले करीब दो वर्षों से इस पूरी व्यवस्था पर कथित रूप से कब्जा कर लिया गया है।
आरोप है कि लालमन रजक द्वारा हैंडपंप और बोरवेल के आसपास बालू डलवाकर उसे ढंक दिया गया तथा पानी की सप्लाई निजी घर तक पहुंचाकर व्यक्तिगत उपयोग में ली जा रही है। इससे आम लोगों की पहुंच जलस्रोत तक पूरी तरह बंद हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि मौके पर बनी पानी की टंकी आज तक शुरू नहीं हो सकी और केवल शोपीस बनकर रह गई है। शिकायत के बावजूद पंचायत स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर शासकीय जलस्रोत को अतिक्रमण मुक्त कराने और पेयजल व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनआंदोलन किया जाएगा।













