अमृत नल जल योजना में बड़ी लापरवाही, 15 दिनों से बह रहा हजारों लीटर पानी
भीषण गर्मी में बूंद-बूंद को तरस रहे लोग, जिम्मेदार विभाग मौन

सिंगरौली। भीषण गर्मी के बीच जहां लोग पेयजल संकट से परेशान हैं, वहीं नगर पालिक निगम सिंगरौली के इंदिरा वार्ड क्रमांक-41 स्थित फैक्ट्री रोड गनियारी में अमृत नल जल योजना की गंभीर लापरवाही सामने आई है। शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय पहाड़ी टोला के पास स्टॉप नोजल पंप खराब होने से पिछले 10 से 15 दिनों से लगातार पानी बह रहा है। इससे प्रतिदिन हजारों लीटर पानी सड़क, घरों और गोदामों में व्यर्थ बहकर बर्बाद हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर पानी लगातार बह रहा है, वहीं दूसरी ओर वार्ड के कई घरों में केवल 7 से 10 मिनट ही पानी की सप्लाई हो पा रही है। कम प्रेशर के कारण लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है। रहवासियों ने बताया कि नगर निगम जल विभाग के अधिकारी रामलाल शाह को कई बार फोन से शिकायत की गई, लेकिन उन्होंने फोन तक रिसीव नहीं किया।लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि खराब नोजल पंप को तत्काल सुधरवाकर पानी की बर्बादी रोकी जाए और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।













