ईरान-अमेरिका तनाव का असर, 20 एमएम गिट्टी के बढ़े दाम
महंगे डीजल से बढ़ी क्रशर उद्योग की चिंता, घर बनाना हुआ महंगा
सिंगरौली। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब स्थानीय बाजारों और निर्माण कार्यों पर भी दिखाई देने लगा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में लगातार वृद्धि होने से डीजल महंगा हो रहा है, जिससे क्रशर उद्योग की लागत बढ़ गई है। इसी मुद्दे को लेकर जिला क्रशर एसोसिएशन की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के सभी प्रमुख क्रशर संचालक शामिल हुए।
बैठक में क्रशर संचालकों ने बताया कि डीजल, मशीन संचालन, परिवहन और मजदूरी खर्च बढ़ने से उद्योग पर आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। बढ़ती लागत को देखते हुए एसोसिएशन ने छत ढलाई में उपयोग होने वाली 20 एमएम गिट्टी के दाम बढ़ाने का निर्णय लिया। अब तक 32 रुपये प्रति सीएफटी मिलने वाली गिट्टी 34 रुपये प्रति सीएफटी की दर से उपलब्ध होगी।
क्रशर संचालकों का कहना है कि यदि डीजल और अन्य आवश्यक सामग्रियों के दाम इसी तरह बढ़ते रहे तो आने वाले समय में निर्माण कार्य और अधिक महंगे हो जाएंगे। बैठक में एसोसिएशन अध्यक्ष नागेंद्र प्रताप सिंह, सचिव अमित द्विवेदी सहित कई क्रशर संचालक उपस्थित रहे।













