एनएससी अस्पताल में ठेका श्रमिकों का धरना, 17 मांगों पर प्रबंधन ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

सिंगरौली। भारतीय मजदूर संघ एवं मध्य प्रदेश कंस्ट्रक्शन मजदूर महासंघ के तत्वावधान में नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में कार्यरत ठेका श्रमिकों ने विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। श्रमिकों ने संविदाकारों की तानाशाही और अधिकारियों के उदासीन रवैये के खिलाफ नाराजगी जताई।
धरने के दौरान अस्पताल प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच विस्तृत वार्ता हुई। इस दौरान ईपीएफ घोटाले की जांच, ईएसआईसी भुगतान, बोनस, बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर वेतन भुगतान, सुरक्षा व्यवस्था, कैंटीन सुविधा, ओवरटाइम भुगतान तथा बकाया वेतन सहित कुल 17 मांगों पर चर्चा की गई।
प्रबंधन की ओर से कार्मिक प्रबंधक प्रतीक दिवान ने श्रमिकों को आश्वस्त किया कि सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए सात दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन के बाद श्रमिकों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया।
कार्यक्रम में सुनील यादव, संध्या मिश्रा, राजेश कुमार दुबे, जनक लाल सोनी, शिवटहल यादव, रमाकांत पटेल सहित बड़ी संख्या में मजदूर एवं संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













