सिंगरौली महोत्सव 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में, विधायक रामनिवास शाह ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

सिंगरौली। आगामी 23 से 25 मई तक आयोजित होने वाले “सिंगरौली महोत्सव 2026” को लेकर तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। इसी क्रम में सदर विधायक रामनिवास शाह ने बैढ़न स्थित राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि महोत्सव में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं।
जानकारी के अनुसार “सिंगरौली महोत्सव 2026” के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक कला प्रस्तुतियां और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि यह महोत्सव सिंगरौली की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रशासन और आयोजन समिति कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।













