सीधी

जूरी और रौहाल में ग्राम सभा आयोजित, योजनाओं की जानकारी के साथ नशा मुक्ति का संदेश…

जूरी और रौहाल में ग्राम सभा आयोजित, योजनाओं की जानकारी के साथ नशा मुक्ति का संदेश…

अमित श्रीवास्तव कुसमी

सीधी। जिले की जनपद कुसमी के ग्राम पंचायत जूरी एवं रौहाल में प्रशासनिक सक्रियता के तहत ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में एसडीएम विकास कुमार आनंद विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान विकसित भारत ग्राम योजना के प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए ग्रामीणों को योजनाओं से जुड़कर लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

ग्राम सभा के दौरान कृषि क्षेत्र से जुड़े किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री पर विशेष जोर दिया गया। जिन कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री अभी तक नहीं हो पाई थी, उनकी मौके पर ही फार्मर रजिस्ट्री कराई गई, ताकि वे विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। साथ ही पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुरक्षा योजना से जोड़ा जा सके।

बैठक में सामाजिक विषयों को भी प्रमुखता से उठाया गया। अधिकारियों द्वारा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और नशे से होने वाले पारिवारिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान पर प्रकाश डाला गया। इसके बाद ग्रामवासियों को नशा मुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई, जिसे ग्रामीणों ने एक स्वर में दोहराया।

ग्राम सभा में पंचायत स्तर की समस्याओं, विकास कार्यों और ग्रामीणों की आवश्यकताओं पर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, पंचायत कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्राम सभा के माध्यम से शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण साबित हुआ।

Author

  • सुनील सोनी , " पोल खोल पोस्ट " डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

पोल खोल पोस्ट

सुनील सोनी , " पोल खोल पोस्ट " डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

Related Articles

Back to top button