मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सिंगरौली दौरे को लेकर यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था जारी

सिंगरौली। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 23 एवं 24 मई 2026 को प्रस्तावित सिंगरौली भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा विशेष यातायात, पार्किंग और डायवर्सन व्यवस्था लागू की गई है। कार्यक्रम के दौरान वीआईपी आवागमन को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए विभिन्न मार्गों पर यातायात व्यवस्था निर्धारित की गई है।
पुलिस विभाग द्वारा जारी व्यवस्था के अनुसार मुख्यमंत्री का वीआईपी मार्ग हेलीपैड एनसीएल ग्राउंड से प्रारंभ होकर सेंट जोसेफ तिराहा, बिलौजी तिराहा, पुराना यातायात, मस्जिद तिराहा, टॉकीज तिराहा, राजकमल होटल, भाजपा कार्यालय, ढोटी तिराहा, चौक, उमंग भवन एवं सूर्याभवन तक रहेगा।
उमंग भवन एनटीपीसी कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के वाहनों की पार्किंग उमंग भवन के सामने की गई है, जबकि अन्य वाहनों की पार्किंग सरस्वती स्कूल एनटीपीसी परिसर में निर्धारित की गई है। हेलीपैड पर आने वाले जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के वाहनों के लिए सेंट जोसेफ स्कूल ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सिंगरौली महोत्सव के कार्यक्रम स्थल चूनकुमारी स्टेडियम के लिए वीआईपी मार्ग सूर्याभवन एनटीपीसी से इंदिरा चौक, ढोटी तिराहा, पुराना यातायात होते हुए स्टेडियम तक रहेगा। कार्यक्रम समाप्ति के बाद वापसी मार्ग भी निर्धारित किया गया है।
पुलिस प्रशासन द्वारा मीडिया वाहनों की पार्किंग उत्कृष्ट विद्यालय ग्राउंड में तथा शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वाहनों की पार्किंग थाना बैढ़न परिसर में तय की गई है। दोपहिया वाहनों के लिए पशु चिकित्सालय परिसर एवं ददोली सिंह के घर के सामने पार्किंग स्थल बनाया गया है।
विभिन्न दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। विन्ध्यनगर, गनियारी, बलियरी, बिलौजी एवं माजन मोड़ की ओर से आने वाले वाहनों को चिन्हित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा।
इसके साथ ही दोपहर 12 बजे से रात्रि 12 बजे तक कई मार्गों पर भारी वाहनों एवं व्यवसायिक वाहनों का डायवर्सन लागू रहेगा। गनियारी, इंद्राचौक, ढोटी तिराहा एवं माजन मोड़ से आने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। शहर के भीतर ट्रैक्टर, पिकअप एवं मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध रहेगा।
बसों के आवागमन को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। शाम 4 बजे के बाद बस स्टैंड में बसों के प्रवेश पर रोक रहेगी तथा बसों को कृषि उपज मंडी एवं कलेक्टर कार्यालय के सामने खड़ा कराया जाएगा।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान एंबुलेंस एवं फायर ब्रिगेड को छोड़कर अन्य सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आमजन से सहयोग की अपील की गई है।













