बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

27वें उर्से खलीकी की तैयारियां शुरू

देवसर में तीन दिवसीय राष्ट्रीय जलसे का होगा आयोजन, कई राज्यों के उलेमा-ए-किराम होंगे शामिल

सिंगरौली। जिले के देवसर की सरज़मीं एक बार फिर रूहानियत, इल्म और मोहब्बत की खुशबू से महकने जा रही है। 27वें उर्से खलीकी एवं तीन दिवसीय राष्ट्रीय जलसे की तैयारियां इन दिनों जोर-शोर से चल रही हैं। यह अज़ीम धार्मिक आयोजन 1, 2 और 3 जून को अकीदत और एहतराम के साथ आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से उलेमा-ए-किराम, नातख्वां, तलबा और बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे।

उर्स के साथ दारुल उलूम सुलेमानिया रजविया हबीबिया का सालाना एनुअल फंक्शन भी आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मदरसे के छात्रों की दस्तारबंदी की जाएगी तथा दीनी तालीम हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
हाफिज सलीमुद्दीन साहब ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि अमन, भाईचारे और मोहब्बत का पैगाम देने वाला एक बड़ा रूहानी मरकज़ है। कार्यक्रम दारुल उलूम सुलेमानिया रजविया हबीबिया के हेड एवं सज्जादा नशीन सय्यद मौलाना आदिल मियां साहब कादरी की सरपरस्ती में आयोजित किया जाता है।


उन्होंने बताया कि सय्यद आदिल मियां साहब दीनी शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भी लगातार कार्य कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से दानियाल पब्लिक स्कूल की स्थापना की गई, जहां बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ बेहतर संस्कार भी दिए जा रहे हैं। समाज में एकता, भाईचारा और सद्भाव बना रहे, इसके लिए भी वे लगातार लोगों को जागरूक करते रहते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत 1 जून को फ़ातिहा शरीफ़ से होगी। 2 जून को नात शरीफ़ और तकरीर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर से आए उलेमा-ए-किराम दीन, अख़लाक़, इंसानियत और मोहब्बत का संदेश देंगे। उर्स के दौरान तीन दिवसीय मेले का आयोजन भी किया जाएगा, जो आकर्षण का केंद्र रहेगा।

आयोजन समिति के अनुसार हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग उर्स में शामिल होकर रूहानी फैज़ हासिल करते हैं। इस बार मदरसा प्रबंधन ने बेटियों की तालीम के लिए अलग व्यवस्था शुरू करने का भी निर्णय लिया है, ताकि लड़कियों को बेहतर दीनी और तालीमी शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों एवं अकीदतमंदों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Author

Related Articles

Back to top button