इंडिगो फ्लाइट की जबलपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, यात्री की मौत
अहमदाबाद से रांची जा रही फ्लाइट में बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम

जबलपुर। डुमना एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अहमदाबाद से रांची जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में सफर कर रहे एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने पर पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर विमान को जबलपुर एयरपोर्ट पर उतारा। हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद यात्री की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट शुक्रवार सुबह अहमदाबाद से रांची के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान पश्चिम बंगाल निवासी 29 वर्षीय सुदीप गौनिश की अचानक तबीयत खराब हो गई। सहयात्रियों ने इसकी जानकारी क्रू मेंबर्स को दी और तत्काल चिकित्सा सहायता की मांग की।
स्थिति गंभीर होने पर पायलट ने डुमना एयरपोर्ट पर दोपहर 1:01 बजे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई। एयरपोर्ट पर पहले से एम्बुलेंस तैयार रखी गई थी। यात्री को तुरंत एक निजी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद विमान करीब 50 मिनट तक जबलपुर एयरपोर्ट पर खड़ा रहा। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद फ्लाइट को रांची के लिए रवाना कर दिया गया।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक समय पर सूचना मिलने के बाद सभी जरूरी व्यवस्थाएं तत्काल की गईं, लेकिन यात्री की जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद विमान में मौजूद यात्रियों और एयरपोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।













