पेट्रोल-डीजल फिर महंगे, आम जनता को बड़ा झटका
इस महीने तीसरी बार बढ़े दाम, सीएनजी की कीमतों में भी इजाफा

नई दिल्ली। आम जनता को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। शनिवार को देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई। इस महीने यह तीसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं।
नई दरों के अनुसार पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 91 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। इसके बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 99.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं सीएनजी की कीमतों में भी 1 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है।
दिल्ली में अब सीएनजी 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम मिलेगी, जबकि नोएडा और गाजियाबाद में इसकी कीमत 89.70 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। बीते 10 दिनों में सीएनजी के दामों में यह तीसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 15 मई को 2 रुपये और 18 मई को 1 रुपये की वृद्धि की गई थी।
गौरतलब है कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एक दिन पहले ही बयान जारी कर कहा था कि देश में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और नागरिक घबराकर ईंधन की खरीदारी न करें। मंत्रालय ने कहा था कि पूरे देश में ईंधन की आपूर्ति सामान्य और स्थिर बनी हुई है।
लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर आम लोगों की जेब पर पड़ना तय माना जा रहा है। परिवहन खर्च बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।













