ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सासन क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन का खेल जारी

रिहंद डैम के पास बने आवासों में डंप हो रही रेत, सरकार को राजस्व का नुकसान

सिंगरौली। कोतवाली थाना अंतर्गत सासन चौकी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का मामला लगातार सामने आ रहा है। आरोप है कि खनिज विभाग और पुलिस की आंखों में धूल झोंककर अवैध खननकर्ता बड़े पैमाने पर रेत का उत्खनन कर रहे हैं और उसे रिहंद डैम के पास मुआवजा के लिए बने आवासों में डंप किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार अवैध रूप से निकाली गई रेत को रात के समय ट्रैक्टर-ट्रालियों के जरिए खाली पड़े मकानों में छिपाकर रखा जाता है। बताया जा रहा है कि यहां पचासों ट्राली रेत जमा की गई है, जहां से बाद में ट्रैक्टरों के माध्यम से खुलेआम बिक्री की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रात करीब 12 बजे के बाद रेत से भरे वाहन इलाके में पहुंचते हैं और सुबह तक अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई की जाती है।


लोगों ने आरोप लगाया कि सासन क्षेत्र की नदियों में जेसीबी मशीन लगाकर अवैध तरीके से रेत का उत्खनन किया जा रहा है। लगातार हो रहे इस अवैध कारोबार से शासन को भारी राजस्व की क्षति पहुंच रही है। वहीं वैध रेत ठेकेदारों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, क्योंकि अवैध रेत सस्ते दामों पर बाजार में बेची जा रही है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अवैध खनन के कारण न केवल पर्यावरण और नदी तंत्र प्रभावित हो रहा है, बल्कि प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर इस कारोबार पर तत्काल रोक लगाई जाए।

Author

Related Articles

Back to top button