मल्हार पार्क चौपाटी का वाटर एटीएम बना शोपीस
मेंटेनेंस पर खर्च के बावजूद आज तक चालू नहीं हुआ, नगर निगम पर उठे सवाल

सिंगरौली- शहर के प्रमुख मल्हार पार्क चौपाटी परिसर में लगाया गया वाटर एटीएम लंबे समय से बंद पड़ा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि इसके मेंटेनेंस के नाम पर नगर निगम द्वारा 30 हजार रुपये से अधिक का भुगतान किए जाने की चर्चा है, लेकिन इसके बावजूद आज तक यह आम लोगों के उपयोग के लिए चालू नहीं हो सका।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार मल्हार पार्क चौपाटी क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग घूमने और समय बिताने पहुंचते हैं। आसपास पार्क, चौपाटी और बस स्टैंड होने के कारण यहां हमेशा लोगों की भीड़ रहती है। ऐसे में बंद पड़ा वाटर एटीएम नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है।
लोगों का कहना है कि यदि मेंटेनेंस पर राशि खर्च की गई है तो उसका परिणाम भी दिखाई देना चाहिए। नागरिकों ने आरोप लगाया कि लाखों रुपये की खरीदी और रखरखाव में अनियमितता हुई है, जिसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने कहा कि जब से यह वाटर एटीएम लगाया गया है, तब से यह कभी सही तरीके से चालू ही नहीं हुआ। लोगों का तर्क है कि इतना महंगा वाटर एटीएम लगाने के बजाय यदि यहां गर्मी के मौसम में मटकों की व्यवस्था कर किसी जरूरतमंद व्यक्ति की ड्यूटी लगा दी जाती तो लोगों को पीने का पानी भी मिलता और कुछ लोगों को रोजगार का अवसर भी मिल जाता।
नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर जल्द से जल्द वाटर एटीएम चालू कराया जाए तथा सार्वजनिक धन के उपयोग में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर की सौंदर्यीकरण योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें।













