ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नवजीवन विहार में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ठेले पर खाया समोसा

दुकानदारों से की आत्मीय बातचीत, अचानक काफिला रुकने से लोगों में दिखा उत्साह

सिंगरौली। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को सिंगरौली प्रवास के दौरान एक अलग और सहज अंदाज में नजर आए। विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए बैढ़न से एनटीपीसी की ओर जाते समय उनका काफिला नवजीवन विहार क्षेत्र में अचानक सड़क किनारे लगे एक इलाहाबादी समोसे के ठेले पर रुक गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सीधे ठेले के पास पहुंचे और दुकानदारों से आत्मीयता के साथ बातचीत की। उन्होंने समोसे का स्वाद लिया और उसके स्वाद की सराहना करते हुए दुकानदारों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दुकान संचालकों से उनके परिवार, व्यवसाय और आजीविका के बारे में भी जानकारी ली।

मुख्यमंत्री के अचानक सड़क किनारे ठेले पर पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों में मुख्यमंत्री को करीब से देखने और उनसे मिलने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। कई लोग अपने मोबाइल फोन से तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए।

हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए व्यवस्था बनाए रखी। मुख्यमंत्री कुछ देर तक आम लोगों के बीच रहे और फिर अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।मुख्यमंत्री के इस सहज और आत्मीय व्यवहार की पूरे क्षेत्र में चर्चा होती रही। स्थानीय लोगों ने कहा कि मुख्यमंत्री का आम लोगों के बीच इस तरह पहुंचना और छोटे दुकानदारों से आत्मीय बातचीत करना उनके सरल स्वभाव को दर्शाता है। कई लोगों ने इसे अपने लिए यादगार पल बताया।

Author

Related Articles

Back to top button