ऊर्जा नगरी में हरियाली का संदेश: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया पौधारोपण
बोले- औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी जरूरी

सिंगरौली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने सिंगरौली प्रवास के दूसरे दिन पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एनटीपीसी के सूर्या भवन परिसर में विधिवत पौधारोपण किया। मुख्यमंत्री ने स्वयं अपने हाथों से पौधा रोपित कर उसे जल अर्पित किया और जिले की खुशहाली व हरित भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगरौली ऊर्जा की धानी होने के साथ-साथ प्राकृतिक संपदा से भी समृद्ध जिला है। यहां औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण का संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें पूर्ण विकसित होने तक संरक्षण देना भी सभी की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखरेख के लिए पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि हरियाली बढ़ेगी तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा।
इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेंद्र मिश्रा, विधायक रामनिवास शाह, राजेंद्र मेश्राम, कुंवर सिंह टेकाम, प्राधिकरण अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह, कमिश्नर बी.एस. जामोद, आईजी गौरव राजपूत, कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।













