जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत हर्रई तालाब में हुआ श्रमदान
कमिश्नर बीएस जामोद बोले- जल संरक्षण के लिए जनभागीदारी जरूरी

सिंगरौली। जल संरक्षण एवं पारंपरिक जल स्रोतों के संवर्धन के उद्देश्य से संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत रविवार को हर्रई तालाब में कलश यात्रा, कलश पूजन एवं जल अभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने विधिवत पूजन-अर्चन कर श्रमदान किया और जल संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणजनों की सहभागिता से हर्रई तालाब में जल अभिषेक किया गया। इसके बाद तालाब परिसर में साफ-सफाई अभियान चलाते हुए श्रमदान किया गया तथा जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लिया गया।
कमिश्नर बीएस जामोद ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल स्रोतों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “जल गंगा संवर्धन अभियान” केवल शासकीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का जनआंदोलन है। प्रत्येक नागरिक को जल बचाने, तालाबों एवं पारंपरिक जल संरचनाओं के संरक्षण में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने आगामी 25 जून को गंगा दशहरा पर आयोजित राज्य स्तरीय जल संरक्षण कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में आईजी गौरव राजपूत, कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम., जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक प्रवीण पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।













