बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली पहुंची ‘इंदिरा ज्योति यात्रा’ और ‘चलें रामराज्य की ओर’ संकल्प यात्रा

भास्कर राव रोकड़े बोले- इंदिरा गांधी के योगदान और रामराज्य की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाना उद्देश्य

सिंगरौली। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में संचालित ‘इंदिरा ज्योति यात्रा’ एवं ‘चलें रामराज्य की ओर’ संकल्प यात्रा रविवार को सिंगरौली जिले पहुंची। इस अवसर पर वैढ़न स्थित होटल उदिका पैलेस में सम्यक अभियान के प्रमुख, प्रसिद्ध लेखक एवं विचारक भास्कर राव रोकड़े ने विशेष प्रेस वार्ता आयोजित कर अभियान के उद्देश्यों, स्वरूप और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।प्रेस वार्ता में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह चंदेल, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज दुबे, कुंदन पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

भास्कर राव रोकड़े ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ घोषित किए जाने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। इसी के जवाब में ‘इंदिरा ज्योति अभियान’ की शुरुआत की गई है, ताकि इंदिरा गांधी के ऐतिहासिक निर्णयों, उनके योगदान और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने बताया कि यह चार वर्षीय अभियान है, जिसकी शुरुआत 6 जनवरी 2026 को छिंदवाड़ा के ऐतिहासिक चिटनिस गंज से की गई थी।

उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी ने वर्ष 1921 में इसी स्थान से असहयोग आंदोलन का शुभारंभ किया था। यात्रा महाकौशल, मालवांचल, बुंदेलखंड और चंबल अंचल के विभिन्न जिलों से गुजरते हुए अब सिंगरौली पहुंची है।‘चलें रामराज्य की ओर’ अभियान पर बोलते हुए रोकड़े ने कहा कि महात्मा गांधी ने रामराज्य की परिकल्पना भय, भ्रष्टाचार और भेदभाव मुक्त समाज के रूप में की थी। इसी विचार को समाज तक पहुंचाने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी भी भारतीय संस्कृति और रामराज्य की अवधारणा को आगे बढ़ाने में विश्वास रखती थीं।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि सम्यक अभियान के तहत शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार, निजी क्षेत्र में कर्मचारियों के शोषण पर रोक, आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म करने तथा किसानों के लिए इंडस्ट्री सेंट्रिक कम्युनिटी फार्मिंग सिस्टम जैसे मुद्दों पर भी कार्य किया जा रहा है।

भास्कर राव रोकड़े ने बताया कि ‘इंदिरा ज्योति यात्रा’ और ‘चलें रामराज्य की ओर’ संकल्प यात्रा के प्रथम चरण का समापन आगामी 5 जून को सागर में किया जाएगा। इसके बाद सिंगरौली जिले में वृहद स्तर पर जिलास्तरीय यात्रा शुरू कर अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button