सीएचसी सरई की बदहाली पर फूटा जनाक्रोश, सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

सिंगरौली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरई की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर क्षेत्र में जनआक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को समाजसेवी प्रेम सिंह भाटी ने नगर परिषद अध्यक्ष अनुराधा सिंह मरकाम के नेतृत्व में सरई तहसीलदार धर्म प्रकाश मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर अस्पताल की अव्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग की।
ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी सरई एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सिंगरौली के नाम सौंपा गया। इसमें आरोप लगाया गया कि सीएचसी सरई में मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। अस्पताल में डॉक्टरों के कई पद लंबे समय से खाली हैं, जिससे मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। वहीं आईसीयू टेक्नीशियन, सुरक्षा गार्ड सहित अन्य कर्मचारियों की भी कमी बनी हुई है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि करोड़ों रुपये की लागत से बना ऑक्सीजन प्लांट लंबे समय से बंद पड़ा है। आईसीयू भवन तैयार होने के बावजूद स्टाफ की कमी के कारण उसका संचालन शुरू नहीं हो सका है। गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल या निजी अस्पतालों में रेफर करना पड़ रहा है।
इसके अलावा अस्पताल में पिछले तीन वर्षों से एक्स-रे सुविधा बंद होने तथा मरीजों के बैठने एवं शव वाहन की समुचित व्यवस्था नहीं होने का भी आरोप लगाया गया।
समाजसेवी प्रेम सिंह भाटी ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्रीय नागरिकों के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष अनुराधा सिंह मरकाम, संतोष जायसवाल, महिपाल सिंह, रामसजीवन बसोर, बबलू अग्रहरि, श्यामलाल साकेत, जयंत मिश्रा, एडवोकेट दिनेश रजक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।













