ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

गंगा दशहरा पर रजनिया में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किया गया बोरी बंधान, ग्रामीणों ने दिया ‘जल ही जीवन है’ का संदेश

सिंगरौली ।आदर्श ग्राम पंचायत रजनिया में जल संरक्षण की एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए ग्रामीणों ने ‘जल ही जीवन है’ के मूल मंत्र को चरितार्थ किया है। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर बीते दिन ग्राम पंचायत में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत विशेष जल संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय शिव मंदिर के पास स्थित बेलहा नाला पर विधि-विधान से पूजा-अर्चन करने के पश्चात एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो जल संरक्षण के प्रति जागरूकता का प्रतीक बनी। यात्रा के समापन के बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर बेलहा नाले में सामूहिक श्रमदान कर ‘बोरी बंधान’ का कार्य किया, ताकि बहते पानी को रोककर भूजल स्तर को सुधारा जा सके।

गौरतलब है कि गंगा दशहरा के पावन पर्व पर नदियों के उद्गम स्थल, तालाबों और पारंपरिक जल स्रोतों की साफ-सफाई व जल संवर्धन कार्य किए जाने का नियम निर्धारित है। इसी कड़ी में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जल गंगा कलश यात्रा, दीपदान, जल संवाद और जल जागरूकता रैलियां आयोजित कर आमजन को पानी सहेजने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

रजनिया में आयोजित इस जल गंगा संवर्धन अभियान में स्थानीय जनता ने बेहद उत्साह के साथ अपनी भागीदारी सुनिश्चित की और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।इस गरिमामयी कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच प्रियंका सिंह, नवांकुर संस्था (राजा भैया बहुउद्देशीय विकास समिति निगरी) के कार्यक्रम समन्वयक शिवप्रसाद साहू, ग्राम पंचायत सचिव सुखसेन साहू और रोजगार सहायक संतोष कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष अजय सिंह, समिति के सचिव व सदस्यगण, नवांकुर सखी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, वार्ड पंच एवं क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर इस पुनीत कार्य को सफल बनाया।

Author

Related Articles

Back to top button