बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में “जन चौपाल” का आयोजन, पुलिस ने सुनी आमजन की समस्याएं

 

सिंगरौली। रीवा जोन में पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिले के सभी थाना एवं चौकी स्तर पर “जन चौपाल – आपकी पुलिस आपके द्वार” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन श्री गौरव राजपूत एवं पुलिस उप महानिरीक्षक श्री हेमंत चौहान के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित एवं वैधानिक निराकरण करना रहा। जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए और पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायतें एवं सुझाव रखे।

थाना विन्ध्यनगर क्षेत्र के गहिलगढ़ पश्चिम स्थित सुभासनी शासकीय स्कूल परिसर में आयोजित जन चौपाल में पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा भी शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने अव्यवस्थित ब्रेकर, तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण, रात्रि गश्त बढ़ाने, अवैध शराब बिक्री और असामाजिक गतिविधियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।

पुलिस अधीक्षक ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन एवं नशा मुक्ति को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने OTP, बैंक डिटेल और ATM PIN किसी के साथ साझा न करने की सलाह देते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी।

जन चौपाल में थाना प्रभारी विन्ध्यनगर श्रीमती अर्चना द्विवेदी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button