बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

पेयजल संकट को लेकर जनपद सदस्य और अध्यक्ष ने सीईओ को सौंपा पत्र

ग्राम पंचायत रजमिलान, मधुरा, कथुरा एवं बसौड़ा में पेयजल की भीषण किल्‍लत

सिंगरौली। जिले के बैढ़न जनपद अंतर्गत कई ग्राम पंचायतों में गहराते पेयजल संकट को लेकर जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। जनपद पंचायत बैढ़न के सदस्य एवं निर्माण कार्य समिति अध्यक्ष हर्षित सिंह (रिशु) ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बैढ़न को पत्र सौंपकर ग्राम पंचायत रजमिलान, मधुरा, कथुरा एवं बसौड़ा में पेयजल व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र में हैंडपंप और सबमर्सिबल पंप सूख जाने के कारण ग्रामीणों को भीषण पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। कई मोहल्लों में पानी की उपलब्धता नहीं होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनपद सदस्य ने मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पानी के टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।

वहीं जनपद पंचायत बैढ़न की अध्यक्ष सविता सिंह ने भी मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र लिखकर मामले को गंभीर बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि रजमिलान, मधुरा, कथुरा एवं बसौड़ा पंचायतों में पेयजल संकट की स्थिति बनी हुई है, ऐसे में संबंधित पंचायतों को तत्काल आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए जाएं।

जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।

Author

Related Articles

Back to top button