बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

पद्मनाभस्वामी मंदिर से हीरे और सोने के गहने गायब, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

 

तिरुवनंतपुरम। देश के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर से कीमती हीरे और सोने के आभूषण गायब होने की खबर सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार मंदिर का बहुमूल्य हीरे का आभूषण “वैराम नामा” पिछले लगभग छह महीनों से लापता बताया जा रहा है। इसके अलावा करीब 78 ग्राम सोने का भी हिसाब नहीं मिल पा रहा है, जिससे मंदिर प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि मंदिर के रिकॉर्ड में उल्लेख है कि “वैराम नामा” को मरम्मत कार्य के लिए बाहर भेजा गया था, लेकिन उसके बाद उसे वापस नहीं लाया गया। वहीं रखरखाव के लिए भेजे गए एक सोने के दीपक का भी अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। इस घटना के बाद मंदिर में सदियों पुराने खजाने और बहुमूल्य आभूषणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

मामले के सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मंदिर में रखे सोने-चांदी के सामान को सुरक्षित तिजोरियों में रखने, दान सामग्री को विशेष लॉकरों में जमा करने और सभी प्रवेश द्वारों पर सख्त जांच की व्यवस्था लागू करने की तैयारी की जा रही है।

गौरतलब है कि पद्मनाभस्वामी मंदिर का संचालन सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त कार्यकारी समिति के अधीन होता है, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों और पूर्व त्रावणकोर राजघराने के प्रतिनिधियों सहित कई सदस्य शामिल हैं। इसके बावजूद इतनी बड़ी लापरवाही सामने आने से लोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल है।

Author

Related Articles

Back to top button