केरल में ईडी की बड़ी कार्रवाई: पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के घर समेत 10 ठिकानों पर छापेमारी
बेटी की कंपनी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जांच तेज, समर्थकों ने ईडी टीम का किया विरोध

तिरुवनंतपुरम। केरल में बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और उनके करीबियों से जुड़े ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्यभर में 10 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) और विजयन की बेटी टी वीना की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई।
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम सुबह करीब 7 बजे तिरुवनंतपुरम स्थित विजयन के किराए के आवास समेत कई स्थानों पर पहुंची। आरोप है कि वर्ष 2018-19 के दौरान सीएमआरएल ने एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को करीब 1.72 करोड़ रुपये का भुगतान किया, जबकि कंपनी द्वारा कोई सेवा नहीं दी गई। इसी लेनदेन को संदिग्ध मानते हुए ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत जांच शुरू की है।
छापेमारी के दौरान विजयन, उनकी बेटी टी वीना और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ भी की गई। कोच्चि स्थित सीएमआरएल के कॉर्पोरेट कार्यालय और कंपनी प्रबंध निदेशक शशिधरन कार्था के आवास पर भी जांच चली। इस कार्रवाई से पहले केरल हाई कोर्ट ने ईडी जांच रद्द करने की याचिका खारिज कर दी थी।
वहीं, छापेमारी की खबर फैलते ही विजयन समर्थक उनके घर के बाहर जुट गए। आरोप है कि ईडी टीम के बाहर निकलने के दौरान कुछ समर्थकों ने वाहनों पर पथराव और तोड़फोड़ की। इस घटना के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है।













