बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में आईपीएस अधिकारी की बेटी ने की आत्महत्या, सरकारी आवास में फंदे पर मिला शव

भोपाल। मध्य प्रदेश के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजीव कुमार कंचन की नाबालिग बेटी ने राजधानी भोपाल स्थित चार इमली के सरकारी आवास में आत्महत्या कर ली। घटना से पुलिस महकमे और प्रशासनिक जगत में शोक की लहर फैल गई है। मृतका 11वीं कक्षा की छात्रा थी और घटना के समय घर में अकेली थी।

जानकारी के अनुसार, किशोरी का शव सरकारी आवास की दूसरी मंजिल पर दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी घर के नौकर ने दी, जिसने दोपहर करीब 2 बजे शव को फंदे पर लटका देखा और तत्काल आईपीएस अधिकारी संजीव कुमार कंचन को सूचना दी।

बताया जा रहा है कि घटना के समय संजीव कुमार कंचन कार्यालय में थे, जबकि उनकी पत्नी, जो भोपाल कोर्ट में न्यायाधीश हैं, कोर्ट गई हुई थीं। परिवार का बेटा भी घर से बाहर था।

हबीबगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। थाना प्रभारी संजीव चौकसे के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस मृतका के करीबी दोस्तों और घरेलू कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही परिवार ने किशोरी का 17वां जन्मदिन मनाया था। घटना के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Author

Related Articles

Back to top button