बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

ट्रैक्टर-ट्रॉली विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, 7 घायल

सिंगरौली। जिले के माड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नौढिया गांव में मंगलवार को पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार वीरेंद्र पाल ने गांव के साहू परिवार से ट्रैक्टर-ट्रॉली भाड़े पर लिया था। कुछ समय पहले लकड़ी चोरी के मामले में वन विभाग ने उक्त ट्रॉली को जब्त कर कार्रवाई की थी। इसके बाद से साहू परिवार ट्रॉली और उसके पैसे की मांग कर रहा था। इसी विवाद के चलते वीरेंद्र पाल गांव छोड़कर बाहर चला गया था और दो दिन पहले ही वापस लौटा था।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को साहू परिवार के लोग वीरेंद्र पाल के घर पहुंचे, जहां ट्रॉली और पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे।

घटना में वीरेंद्र पाल, अंकिता पाल, रेनू पाल और प्रियंका पाल सहित साहू परिवार के तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button