खिरवा में युवक पर जानलेवा हमला, मोरवा पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को दबोचा
कुर्सी पर बैठने को लेकर हुआ विवाद, फावड़े के बेंट से हमला कर युवक को किया घायल; गंभीर हालत में वाराणसी रेफर

सिंगरौली। मोरवा थाना क्षेत्र के खिरवा गांव में अन्नप्राशन कार्यक्रम के दौरान हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कुर्सी पर बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में जानलेवा हमले में बदल गया। मामले में मोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम खिरवा निवासी मनोज कुमार बैस ने मोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 25 मई की रात उसका भाई विकास कुमार बैस और आकाश कुमार बैस गांव में ही शिव कुमार बैस के घर आयोजित अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम स्थल पर आर्केस्ट्रा चल रहा था, इसी दौरान गांव के सोनू पनिका से कुर्सी पर बैठने को लेकर कहासुनी हो गई।
बताया गया कि विवाद के बाद देर रात जब विकास और आकाश घर लौट रहे थे, तभी आंगनबाड़ी केंद्र के पास पहले से घात लगाए बैठे सोनू पनिका ने फावड़े के लकड़ी वाले बेंट से विकास पर हमला कर दिया। वार लगते ही विकास मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा, जबकि आरोपी वहां से फरार हो गया।

घटना के बाद घायल युवक को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर नेहरू शताब्दी चिकित्सालय रेफर किया गया। चिकित्सकों ने स्थिति नाजुक देखते हुए उसे देर रात वाराणसी रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
मोरवा थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी सोनू पनिका के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी गौरव पाण्डेय के निर्देशन में थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।कार्रवाई में उपनिरीक्षक के.पी. सिंह, जयाराम गुप्ता, सुनील दुबे, संजीत सिंह, डी.एन. सिंह, प्रवीण मरावी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













