बकरीद पर्व को लेकर सरई थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित, सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील

सरई। सिंगरौली जिले के सरई थाना परिसर में बुधवार को ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाए जाने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार अमित मिश्रा एवं उपनिरीक्षक लालमणि साकेत की अगुवाई में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न समुदायों के लोग शामिल हुए।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा।
तहसीलदार अमित मिश्रा ने कहा कि सभी समुदायों के आपसी सहयोग और भाईचारे से ही क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव कायम रहता है। वहीं उपनिरीक्षक लालमणि साकेत ने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक में साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध एवं पर्व के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। अंत में अधिकारियों ने सभी को बकरीद पर्व की शुभकामनाएं देते हुए शांति एवं सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। इस मौके पर मोहम्मद असलम मंसूरी,जाकिर,सरपंच दुधमनिया रामदास साहू,समाजसेवी व पार्षद प्रेम सिंह भाटी,प्राण जायसवाल, हनुमान गुप्ता, अमन गुप्ता, मनीष गुप्ता,धीरेंद्र द्विवेदी, सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।













