ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

घर वालों की डांट से नाराज होकर रेलवे स्टेशन पहुंचा 9 वर्षीय बालक, जीआरपी ने परिजनों से मिलवाया

 

जबलपुर। घर वालों की डांट से नाराज होकर घर से निकला एक 9 वर्षीय बालक मदन महल रेलवे स्टेशन पर भटकता हुआ मिला। शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की सतर्कता और संवेदनशीलता के चलते बालक को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचा दिया गया। इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और जीआरपी टीम का आभार व्यक्त किया।

जीआरपी के अनुसार बुधवार को मदन महल रेलवे स्टेशन पर नियमित जांच के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर एक बालक अकेला और गुमसुम अवस्था में बैठा मिला। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अभिनेन्द्र विश्वकर्मा (9 वर्ष) बताया। बालक ने पुलिस को बताया कि घर में डांट पड़ने के बाद वह नाराज होकर बिना किसी को बताए घर से निकल आया था और भटकते हुए रेलवे स्टेशन पहुंच गया।

पुलिस ने बालक को भरोसे में लेकर उसके परिजनों की जानकारी जुटाई और तत्काल संपर्क किया। सूचना मिलने पर बालक के चाचा राजू विश्वकर्मा मदन महल जीआरपी चौकी पहुंचे। आवश्यक सत्यापन के बाद बालक को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया।

यह पूरी कार्रवाई ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर सुंदर सिंह कनेश के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत, चौकी प्रभारी जे.एस. धुर्वे सहित जीआरपी के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।

जीआरपी ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें तथा किसी भी परिस्थिति में उनके घर छोड़कर जाने की स्थिति पर विशेष ध्यान दें।

Author

Related Articles

Back to top button