धार में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: पेंशन प्रकरण में 10 हजार की रिश्वत लेते बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार

धार। मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के बीच लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार 3 दिसंबर को डही बीआरसी कार्यालय के बाबू को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी बाबू दिनेश भिड़े, सहायक ग्रेड-3 एवं लेखा शाखा प्रभारी, सेवानिवृत्त चपरासी कुवंरसिंह वामनिया के पेंशन प्रकरण तैयार करने और एनपीएस कटौती राशि आहरण के एवज में रिश्वत मांग रहा था। पीड़ित के पुत्र रणजीत वामनिया ने लोकायुक्त इंदौर इकाई से शिकायत की थी।
शिकायत पर पुलिस अधीक्षक (लोकायुक्त) राजेश सहाय के निर्देशन में 28 नवंबर को सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद 3 दिसंबर को ट्रैप की कार्रवाई की गई और आरोपी को रिश्वत लेते ही पकड़ लिया गया।
लोकायुक्त कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक रेनू अग्रवाल सहित पूरी टीम शामिल रही।
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।













