गोंडवाना एक्सप्रेस में विजिलेंस का छापा: अवैध वसूली करते तीन TTE रंगे हाथों गिरफ्तार, तत्काल सस्पेंड

जबलपुर।पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) की विजिलेंस टीम ने सोमवार सुबह जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। हजरत निजामुद्दीन से चलकर जबलपुर पहुंची गोंडवाना एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22182) में तैनात तीन टीटीई (TTE) को यात्रियों से अवैध वसूली के आरोप में पकड़ा गया है। चेकिंग के दौरान तीनों के पास से तय घोषणा (डिक्लेरेशन) से 46,300 रुपये अधिक पाए गए। मामला सामने आते ही जबलपुर रेल मण्डल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) डॉ. मधुर वर्मा के निर्देश पर तीनों टीटीई को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
यात्री की फोन कॉल पर हुई घेराबंदी
सूत्रों के अनुसार, गोंडवाना एक्सप्रेस के स्लीपर और वातानुकूलित (AC) कोच में टीटीई मनोज कुशवाहा, कुंदन कुमार और अनिकेश कुमार ड्यूटी पर तैनात थे। ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने मोबाइल फोन के जरिए विजिलेंस टीम को सूचना दी कि उक्त टीटीई द्वारा यात्रियों से अवैध रूप से पैसों की वसूली की जा रही है।
सूचना मिलते ही विजिलेंस की टीम जबलपुर स्टेशन पर मुस्तैद हो गई। सुबह करीब 10 बजे जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आकर रुकी, टीम ने तीनों टीटीई को घेर लिया और उनके पास मौजूद नकदी (कैश) का मिलान किया। जांच में पाया गया कि ड्यूटी शुरू होने से पहले उनके द्वारा घोषित की गई राशि और मौके पर मिले कैश में भारी अंतर था।
किस टीटीई से कितना कैश मिला?
विजिलेंस टीम द्वारा की गई जब्ती में तीनों आरोपियों के पास से कुल 46,300 रुपये अतिरिक्त मिले, जिसका विवरण इस प्रकार है:
कुंदन कुमार (TTE): ₹32,000 (अतिरिक्त कैश)
अनिकेश कुमार (TTE): ₹14,000 (अतिरिक्त कैश)
मनोज कुशवाहा (TTE): ₹300 (अतिरिक्त कैश)
विजिलेंस ने भ्रष्टाचार का मामला दर्ज करते हुए पूरी रिपोर्ट अग्रिम कार्रवाई के लिए सीनियर डीसीएम को सौंप दी है।
वर्जन (अधिकारी का कथन)
“विजिलेंस विभाग द्वारा तीन टीटीई के खिलाफ कार्रवाई की गई है। हालांकि अभी विजिलेंस से विस्तृत रिपोर्ट मिलना बाकी है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों टीटीई को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई की जा रही है।”
– डॉ. मधुर वर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम), जबलपुर रेल मंडल













