देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

ईरान-इजरायल में जंग तेज: भारत ने जारी की एडवाइजरी, नागरिकों को फौरन ईरान छोड़ने के निर्देश

नई दिल्ली।ईरान और इजरायल के बीच छिड़ी जंग के बाद पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर पहुंच गया है। बिगड़ते हालातों को देखते हुए ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों के लिए एक आपातकालीन एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर भारतीयों को ईरान की यात्रा करने से बचने की सख्त सलाह दी है। इसके साथ ही, जो भारतीय नागरिक वर्तमान में ईरान में मौजूद हैं, उन्हें उपलब्ध परिवहन साधनों का उपयोग कर जल्द से जल्द देश से बाहर निकलने को कहा गया है।

दोनों देशों में हवाई क्षेत्र बंद, उड़ानें निलंबित
युद्ध की स्थिति को देखते हुए दोनों देशों ने अपने हवाई यातायात पर पाबंदियां लगा दी हैं। ईरानी मीडिया के अनुसार, तेहरान के मेहराबाद हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं और ईरान का पश्चिमी हवाई क्षेत्र पूरी तरह बंद है। दूसरी ओर, इजरायल ने भी सतर्कता बरतते हुए तेल अवीव के ‘बेन गुरियन’ हवाई अड्डे पर अतिरिक्त प्रतिबंध लागू कर दिए हैं।

मिसाइल और हवाई हमलों से दहले दोनों देश
यह ताजा विवाद तब और उग्र हो गया जब लेबनान में हिज्बुल्लाह पर हुए हमलों के जवाब में ईरान ने रविवार रात इजरायल पर ताबड़तोड़ बैलिस्टिक मिसाइलें दाग दीं। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बयान जारी कर पुष्टि की है कि उन्होंने इजरायल के ‘रमत डेविड एयरबेस’ को निशाना बनाया है।

इस हमले के तुरंत बाद इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। सोमवार तड़के इजरायली वायुसेना ने पश्चिमी और मध्य ईरान में स्थित कई सैन्य ठिकानों पर भीषण हवाई हमले किए। इस एयरस्ट्राइक में ईरान के खुजेस्तान प्रांत में स्थित ‘कारून पेट्रोकेमिकल कंपनी’ के प्लांट को निशाना बनाया गया, जिससे वहां भारी नुकसान की खबर है।

तेहरान में धमाकों से दहशत
ईरानी मीडिया के मुताबिक, सोमवार तड़के करीब 4:43 बजे और 4:45 बजे पश्चिमी तेहरान के निवासियों ने दो बड़े धमाकों की आवाजें सुनीं। हालांकि, स्थानीय प्रशासन ने अभी तक शहर के किसी शहरी रिहायशी इलाके में सीधे तौर पर विस्फोट होने की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित है और दोनों ओर से सैन्य चौकसी बढ़ा दी गई है।

Author

Related Articles

Back to top button