सड़क हादसे में घायल परिवार की क्षत्रिय कुलावंत संगठन ने की मदद

सिंगरौली। बंधौरा चौकी क्षेत्र के चौरा चौकी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बाइक से घर लौट रहा था। हादसे में पत्नी और बच्चे को भी मामूली चोटें आईं। दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षत्रिय कुलावंत संगठन के सदस्य राजेश सिंह चंदेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने संगठन के उपाध्यक्ष सतेंद्र सिंह गहरवार को घटना की जानकारी दी और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने के लिए जेके कंपनी से एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। संगठन की टीम ने घायल और उसके परिवार की मदद करते हुए उसे अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। घायल युवक के पिता भी घटनास्थल पर मौजूद थे।
संगठन के उपाध्यक्ष सतेंद्र सिंह गहरवार ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना सामाजिक जिम्मेदारी है।
संगठन की ओर से घायल युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। साथ ही जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे भी जारी रखने की बात कही गई।













