रेत माफियाओं के अड्डे पर छापा, JCB से नष्ट कराए लाखों के अवैध डंप; पुलिस, माइनिंग और फॉरेस्ट विभाग की कार्रवाई

सिंगरौली- जिले के यूपी-एमपी बॉर्डर में सक्रिय रेत माफियाओं के नेटवर्क के खिलाफ प्रशासन ने सख्त एक्शन लिया है। एसपी शियाज के कड़े निर्देशों के बाद खनिज विभाग, सोन घड़ियाल फॉरेस्ट विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने आधी रात को औचक छापेमारी कर अवैध रूप से डंप की गई लाखों रुपये की रेत को जेसीबी की मदद से पूरी तरह नष्ट कर दिया।
सोन घड़ियाल अभ्यारण्य के पास चल रहा था अवैध खेल
जानकारी के अनुसार यूपी-एमपी बॉर्डर क्षेत्र में रात के अंधेरे में बेखौफ रेत माफियाओं द्वारा सोन नदी से अवैध तरीके से बड़े पैमाने पर रेत निकालकर सुनसान अड्डों पर डंप की जा रही थी। सबसे चिंताजनक बात यह है कि सोन नदी के इसी किनारे के पास फॉरेस्ट विभाग का सोन घड़ियाल अभ्यारण्य केंद्र भी स्थित है, जिससे इन अवैध गतिविधियों के कारण जलीय जीवों और विशेषकर घड़ियालों के जीवन पर भी बड़ा खतरा मंडरा रहा था।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई संयुक्त टीम, आधी रात को हुई कार्रवाई
अवैध रेत डंपिंग की पुख्ता सूचना मिलते ही सिंगरौली एसपी शियाज के एम ने तत्काल पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद गढ़वा थाना पुलिस हरकत में आई और थाना प्रभारी विद्या वारिधि तिवारी, माइनिंग ऑफिसर अशोक मिश्रा तथा सोन घड़ियाल अभ्यारण्य की फॉरेस्ट टीम ने मिलकर आधी रात को संयुक्त छापेमारी की। टीम ने मौके पर पहुंचकर कई ट्रक डंप की गई अवैध रेत को जेसीबी से पूरी तरह नष्ट कर दिया।
माफियाओं को दी गई कड़ी चेतावनी
प्रशासनिक अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि जिले में अवैध रेत का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसपी शियाज के.एम. ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत माफियाओं को पनपने नहीं दिया जाएगा और भविष्य में भी इस प्रकार की कड़ी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।













