उतर प्रदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

11.63 करोड़ रुपये के साइबर ठगी मामले में सोनभद्र पुलिस की कार्रवाई, भोपाल से 3 और आरोपी गिरफ्तार

अब तक 8 गिरफ्तार, ट्रस्ट के खाते में 2.37 करोड़ रुपये की संदिग्ध रकम आने का खुलासा

सोनभद्र। करोड़ों रुपये के साइबर धोखाधड़ी मामले में सोनभद्र पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से 3 और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सत्य सनातन ट्रस्ट के बैंक खाते से जुड़े इस मामले में अब तक मुख्य आरोपी सहित कुल 8 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस जांच में 35 साइबर ठगी शिकायतों से जुड़े करीब 11.63 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, ट्रस्ट के एक बैंक खाते में करीब 2.37 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी से जुड़ी रकम आने की बात सामने आई है। मामले में दुद्धी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच में आरोप है कि ट्रस्ट के संचालक हरिकेश पाण्डेय उर्फ ऋषिकेश ने ट्रस्ट के नाम पर बैंक खाता खुलवाया और खाते का विवरण तथा एटीएम कार्ड मध्य प्रदेश के कुछ लोगों को उपलब्ध कराया। पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी से प्राप्त रकम खाते में जमा कराने के बदले ट्रस्ट के अध्यक्ष को 20 प्रतिशत कमीशन दिया जाता था। हालांकि, पूरे नेटवर्क और लेन-देन की जांच जारी है।

पुलिस ने 25 अक्टूबर को मुख्य आरोपी सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 26 अक्टूबर को म्योरपुर क्षेत्र से 2 अन्य आरोपी पकड़े गए। मोबाइल लोकेशन के आधार पर भोपाल पहुंची पुलिस टीम ने 3 और आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर सोनभद्र लाया। कार्रवाई के दौरान एक हुंडई अमेज कार भी बरामद की गई।

पुलिस जांच में धर्मोदय फाउंडेशन, बलसा कन्स्ट्रक्शन एंड ट्रेडिंग एलएलपी, भूमित्रम इंडिया माइक्रो फाउंडेशन ट्रस्ट और राष्ट्रीय स्वराज फाउंडेशन से जुड़े बैंक खातों में भी संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिली है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में इन खातों और उनसे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। मामले में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button