युवा संगम रोजगार मेले में 60 युवाओं का प्रारंभिक चयन, 40 को मिला करियर मार्गदर्शन
अटल सामुदायिक भवन बिलौंजी में आयोजित हुआ विकासखंड स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला

सिंगरौली, 28 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश शासन की मंशानुसार एवं जिला प्रशासन के निर्देशन में जिला रोजगार कार्यालय, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग तथा आईटीआई सिंगरौली के संयुक्त तत्वावधान में विगत दिवस अटल सामुदायिक भवन, बिलौंजी में विकासखंड स्तरीय ‘युवा संगम–रोजगार, स्वरोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला’ आयोजित किया गया।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघप्रिय के मार्गदर्शन में आयोजित मेले का उद्देश्य जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें स्वरोजगार एवं कौशल विकास की योजनाओं से जोड़ना रहा। रोजगार मेले में जिले के बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने सहभागिता कर विभिन्न निजी कंपनियों में रोजगार के लिए आवेदन किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने आवेदकों की योग्यता एवं पात्रता के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की। मेले में शामिल 10 प्रमुख कंपनियों के माध्यम से 41 आवेदकों का प्रारंभिक चयन किया गया, जिनमें 4 महिला आवेदक शामिल हैं। वहीं, युवा संगम के अंतर्गत रोजगार, मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना एवं अप्रेंटिसशिप के लिए 19 अन्य आवेदकों का प्रारंभिक चयन किया गया। इस प्रकार कुल 60 युवाओं का प्रारंभिक चयन हुआ।
मेले के दौरान 40 युवाओं की करियर काउंसिलिंग भी की गई। उन्हें रोजगार के विभिन्न अवसरों, कौशल विकास, स्वरोजगार तथा अप्रेंटिसशिप से संबंधित योजनाओं की जानकारी देकर भविष्य के लिए उचित दिशा में आगे बढ़ने का मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस पहल के माध्यम से युवाओं को उनकी योग्यता एवं रुचि के अनुरूप रोजगार के अवसर तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी ऋषभ सिंह, आईटीआई सिंगरौली के प्रशिक्षण अधिकारी ओम प्रकाश वैश्य, काउंसलर सुदामा प्रसाद, कृष्णचंद्र एवं संजीव सिंह, उद्योग विभाग से अनंत लक्ष्मण बाकड़े, चिकित्सा दल के फार्मासिस्ट एवं नर्स, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि तथा छात्र-छात्राएं और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।













