रजनिया में जन चौपाल का आयोजन, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ निराकरण

सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन एवं उपखंड अधिकारी देवसर के मार्गदर्शन में सरई तहसील अंतर्गत लिंक कोर्ट वृत्त निवास क्षेत्र के ग्राम पंचायत रजनिया में सोमवार को जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व तहसीलदार वृत्त निवास अमित मिश्रा ने किया। जन चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
जन चौपाल के दौरान राजस्व विभाग, ग्राम पंचायत एवं पुलिस विभाग से संबंधित विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई तथा कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया। विशेष रूप से सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, ऋण पुस्तिका, नक्शा-खसरा, पेयजल एवं अन्य राजस्व संबंधी प्रकरणों पर गंभीरता से सुनवाई कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
तहसीलदार अमित मिश्रा ने बताया कि जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की भूमि एवं राजस्व संबंधी समस्याओं का समय रहते समाधान करना है, ताकि आगामी वर्षा ऋतु में किसी प्रकार के विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि छोटी समस्याएं समय पर हल नहीं होने पर बड़े विवाद का रूप ले सकती हैं, इसलिए प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने तथा किसी भी समस्या के लिए सीधे प्रशासन से संपर्क करने की अपील की। जन चौपाल में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पटवारी, सचिव, सरपंच एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव स्तर पर आयोजित जन चौपाल से समस्याओं के त्वरित समाधान में सुविधा मिल रही है तथा आमजन को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।












