बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

तेज रफ्तार ट्रेलर घर में घुसा, युवक की दर्दनाक मौत

बिना काफिले चल रहे भारी वाहन ने ली जान, हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश

सिंगरौली :जिले के सितुल गांव में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सीधे एक घर में जा घुसा और वहां मौजूद युवक को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 1 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। बताया गया कि बिना काफिले (कनवाई) के चल रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर सितुल गांव से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा। हादसे में घर के बाहर मौजूद राजेंद्र कुमार शाह ट्रेलर की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देर रात गांव में भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में रात के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही लगातार हादसों का कारण बन रही है। कई बार शिकायत और मांग के बावजूद प्रभावी नियंत्रण नहीं किया जा रहा है।

इधर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

गौरतलब है कि हाल ही में जिला प्रशासन एवं कलेक्टर द्वारा कोयला, फ्लाई ऐश और अन्य भारी वाहनों के संचालन को लेकर सख्त आदेश एवं निर्देश जारी किए गए थे। रात में बिना निर्धारित व्यवस्था और सुरक्षा मानकों के भारी वाहनों के संचालन पर भी नियंत्रण के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद इस तरह की घटना ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने तथा गांव के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Author

Related Articles

Back to top button