बॉयलर से गिरकर मजदूर की मौत, अदानी पावर प्लांट में हंगामा
पिछली आगजनी की घटना को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात, कामकाज ठप

सिंगरौली :जिले के बंधौरा स्थित अदानी पावर प्लांट में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में कार्य के दौरान बॉयलर से गिरने पर एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित श्रमिकों ने काम बंद कर प्लांट परिसर में जमकर हंगामा किया। स्थिति तनावपूर्ण होते देख प्रशासन और पुलिस अमला तुरंत मौके पर पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार मजदूर प्लांट के बॉयलर सेक्शन में कार्य कर रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही साथी श्रमिकों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए काम बंद कर दिया।बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व भी प्लांट में हुई दुर्घटना के बाद आगजनी और हिंसक प्रदर्शन की घटना सामने आई थी। उसी घटना को ध्यान में रखते हुए इस बार जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्लांट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मौके पर पुलिस अधिकारियों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद हैं और श्रमिकों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। सुरक्षा कारणों से प्लांट का कामकाज फिलहाल बंद करा दिया गया है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा मृतक मजदूर की पहचान और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं श्रमिक संगठन घटना को लेकर प्रबंधन की लापरवाही बता रहे हैं।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।













