समान नागरिक संहिता पर सुझाव हेतु उच्च स्तरीय समिति के सदस्य ने आम जन और प्रबुद्ध वर्ग से की व्यापक चर्चा

समान नागरिक संहिता पर
सिंगरौली 9 जून 2026/ प्रदेश में समान नागरिक संहिता को लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए इसके अध्ययन एवं परीक्षण हेतु गठित उच्च स्तरीय समिति के सदस्य श्री अनूप नायर की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार सिंगरौली एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य यूसीसी के क्रियान्वयन को लेकर आम जनता और प्रबुद्ध वर्ग के साथ सीधे संवाद स्थापित करना था। चर्चा के दौरान श्री नायर ने विस्तृत रूप से बताया कि समान नागरिक संहिता के अंतर्गत मुख्य रूप से विवाह, तलाक, भरण-पोषण , गोद लेना और संपत्ति के न्यायसंगत विभाजन जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक और कानूनी पहलुओं को शामिल किया जा रहा है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इन विषयों पर अपने निष्पक्ष सुझाव और लिखित प्रस्ताव देने का आह्वान किया ताकि एक व्यापक और सर्वसमावेशी रूपरेखा तैयार की जा सके।
इस जन-संवाद कार्यक्रम में समाज की बहुआयामी सहभागिता देखने को मिली, जिसमें प्रमुख जनप्रतिनिधि, जाने-माने कानूनविद, महिला संगठनों की प्रतिनिधि, युवा वर्ग, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न धर्मों के गुरु तथा प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उपस्थित जनों ने खुले तौर पर अपने विचार और बहुमूल्य सुझाव साझा किए। चर्चा में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि देश की समृद्ध सांस्कृतिक और पारंपरिक व्यवस्था को अक्षुण्ण रखा जाना चाहिए। इसके साथ ही, सभी उपस्थित प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से यह दृढ़ सुझाव भी दिया कि नए प्रस्तावित कानून में महिलाओं के अधिकारों और उनकी सामाजिक सुरक्षा को सर्वोपरि प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि समाज में लैंगिक समानता को और मजबूत किया जा सके। इस अवसर पर श्री नायर के द्वारा जिला पचायत के प्रांगण में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत की अध्यक्ष सुश्री सोनम सिंह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, सांसद प्रतिनिधि संतोष बर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय पाठक, जनपद अध्यक्ष बैढ़न, जनपद अध्यक्ष चितरंगी सिया दुलारी, वरिष्ट अधिवक्ता प्रदीप शाह, सतेन्द्र शाह सहित डिप्टी कमिश्नर लिटिगेशन स्वाती सूर्या, अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर संजीव पाण्डेय, एसडीएम सुरेश जाधव, महिला बाल विकास अधिकारी जीतेन्द्र गुप्ता, सहायक संचालक उद्यानिकी एचएल निमोरिया, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविद डामोर, व्यापार संघ के अध्यक्ष राजाराम केशरी, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक राजकुमार विश्वकर्मा सहित वरिष्ट नागरिक गण, महाविद्यालय के छात्र छात्रा तथा आम जन मानस उपस्थित रहें।













