सड़क हादसे में युवक की मौत, बस की टक्कर से गई जान

सिंगरौली;जिले के हथिओदरा क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सत्यम वर्मा (पिता शिव प्रसाद रजक) निवासी ग्राम पंचायत सेमरी, जिला सीधी, किसी निजी कार्य से अपनी ससुराल गोरवी (थाना अमिलिया, तहसील सिहावल) जा रहे थे। इसी दौरान हथिओदरा के पास देवसर से सीधी की ओर जा रही एसके बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा शाम करीब चार से पांच बजे के बीच हुआ।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल डायल-112 और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा संबंधित वाहन के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।इस हादसे से मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए यातायात नियमों के कड़ाई से पालन और वाहनों की गति पर नियंत्रण की मांग की है।








