बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली के तीन तहसीलदारों पर गिरी गाज, रीवा संभाग के 15 राजस्व अधिकारियों की वेतनवृद्धि रोकी

सिंगरौली- रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा में निराकरण नहीं करने पर संभाग के 15 तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। संबंधित अधिकारियों की आगामी वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश जारी किए गए हैं।जानकारी के अनुसार, आरसीएमएस पोर्टल पर लंबित राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। संतोषजनक जवाब और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत कार्रवाई की गई।

जारी आदेश के अनुसार रीवा जिले में त्योंथर के प्रभारी तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद शुक्ला तथा हुजूर तहसील के नायब तहसीलदार तेजपति सिंह की एक-एक वेतनवृद्धि रोकी गई है। सतना जिले में रघुराजनगर के प्रभारी तहसीलदार सौरभ मिश्रा की दो, बिरसिंहपुर के प्रभारी तहसीलदार डॉ. शैलेन्द्र बिहारी शर्मा की एक तथा मऊगंज जिले के प्रभारी तहसीलदार वीरेन्द्र कुमार पटेल की दो वेतनवृद्धियां रोकी गई हैं।सीधी जिले में सिहावल के जयप्रकाश पाण्डेय, बहरी के इंद्रभान सिंह, गोपद बनास के राकेश शुक्ला, कुसमी के नारायण सिंह तथा रामपुर नैकिन के आशीष कुमार मिश्रा की एक-एक वेतनवृद्धि रोकने के आदेश दिए गए हैं।

 

सिंगरौली जिले में प्रभारी तहसीलदार सिंगरौली प्रीति सिकरवार, चितरंगी के नागेश्वर प्रसाद पनिका तथा माड़ा की जान्हवी शुक्ला की भी एक-एक वेतनवृद्धि रोकी गई है। इसके अलावा मैहर जिले के प्रभारी तहसीलदार जितेन्द्र पटेल और अमरपाटन के प्रभारी तहसीलदार रामदेव साकेत पर भी यही कार्रवाई की गई है।कमिश्नर बीएस जामोद ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन सहित अन्य राजस्व प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी है कि भविष्य में निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर और कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button