नगर निगम आयुक्त ने किया मॉडल रोड निर्माण कार्य का निरीक्षण
सड़क निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के दिए निर्देश

सिंगरौली,- नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने शहर में प्रगति पर चल रहे मॉडल रोड निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निर्धारित तकनीकी मापदंडों एवं गुणवत्ता मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए।आयुक्त ने निर्माणाधीन सड़क की चैड़ाई, बेस निर्माण, डामरीकरण कंक्रीट कार्य, नाली निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, सड़क किनारे विकसित किए जाने वाले सौंदर्यीकरण कार्य तथा यातायात व्यवस्था संबंधी पहलुओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि मॉडल रोड शहर की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसलिए निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कार्यपालन यंत्री को नियमित रूप से कार्यों की मॉनिटरिंग करने, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने तथा कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक संकेतक बोर्ड, बैरिकेडिंग एवं अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि यातायात प्रभावित न हो और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों से कार्य की वर्तमान प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मॉडल रोड के पूर्ण होने से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, आवागमन सुगम बनेगा तथा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय सहित संबंधित संविदाकार उपस्थित रहे।








