देश विदेशब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

वार्ड 40 में सीवर गैस पाइपलाइन कार्य में घोर लापरवाही: धंस रही हैं सड़कें, फंस रहे वाहन; जनता में भारी आक्रोश

गत वर्ष की गलती से भी नहीं सीखा सबक, बारिश से पहले काम पूरा न होने पर और बिगड़ेंगे हालात

सिंगरौली: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 40, ताली सेन बस्ती में इन दिनों सीवर गैस पाइपलाइन डालने का काम स्थानीय लोगों के लिए जी का जंजाल बन गया है। निर्माण कार्य में जुटे ठेकेदार द्वारा सुरक्षा मानकों को ताक पर रखने के कारण आए दिन मुख्य मार्ग पर गाड़ियां धंसने और फंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं। कार्यस्थल पर न तो सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेडिंग की गई है और न ही यातायात डायवर्जन के पुख्ता इंतजाम हैं, जिससे पूरे वार्ड में भारी नाराजगी है।

वार्डवासियों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा मनमाने ढंग से सड़क खोदकर मलबे को जस का तस छोड़ दिया गया है। लोगों ने याद दिलाया कि पिछले वर्ष भी पानी सप्लाई लाइन के काम के दौरान इसी तरह की लापरवाही की गई थी, जिसके अधूरे गड्ढे आज भी हादसों को आमंत्रण दे रहे हैं।

क्षेत्र के नागरिकों ने गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि आगामी 15 जून से स्कूल खुलने वाले हैं। यदि समय रहते इन गड्ढों को भरकर सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो स्कूली वाहनों के पलटने का बड़ा खतरा मंडरा रहा है। यही नहीं, संकरी और खुदी हुई सड़कों के कारण आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस या गैस आपूर्ति वाहनों का बस्ती के भीतर पहुंच पाना पूरी तरह असंभव हो गया है।मौसम विभाग द्वारा जल्द ही मानसून की दस्तक के संकेत दिए गए हैं। ऐसे में यदि बारिश से पहले मिट्टी का ठीक से समतलीकरण नहीं हुआ, तो यह पूरी बस्ती दलदल में तब्दील हो जाएगी। वार्ड के सजग नागरिकों ने नगर निगम आयुक्त, महापौर, निगम अध्यक्ष और संबंधित पार्षद का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर खींचते हुए ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई करने तथा सुरक्षा मानकों के साथ जल्द से जल्द सड़क दुरुस्त कराने की पुरजोर मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button