ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कानून हाथ में लेने वालों पर पुलिस सख्त: नेशनल हाईवे जाम करने वाले राजू वैश्य और रामदेव पाल सहित 30 से अधिक लोगों पर मामला दर्ज

सिंगरौली: बरगवां थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-39 (NH-39) पर चक्काजाम करने वाले 30 से अधिक लोगों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को कड़ी कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए कानून हाथ में लेने वाले अराजक तत्वों को सख्त संदेश दिया है।

यह मामला गुरुवार को बरगवां के बेटहाडांड क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे से जुड़ा है, जहाँ ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार सीताराम पाल की मौत हो गई थी। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर एनएच-39 को पूरी तरह ठप कर दिया था। इस चक्काजाम के कारण करीब पांच घंटे तक हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पहचान के बाद नामजद एफआईआर दर्ज:
पुलिस जांच और वीडियो फुटेज के आधार पर चक्काजाम में शामिल मुख्य लोगों की पहचान की गई। पुलिस ने राजू वैश्य, रामदेव पाल, कमल कुशवाहा, सुरेंद्र कुशवाहा, श्यामधारी कुशवाहा और रामानुज पाल सहित 30 से अधिक लोगों के खिलाफ विभिन्न कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।
बरगवां थाना प्रभारी मोहम्मद समीर ने बताया कि हाईकोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के अनुसार सड़क जाम करना एक कानूनन अपराध है। किसी भी दुर्घटना के बाद सार्वजनिक मार्ग को बाधित नहीं किया जा सकता। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत पुलिस-प्रशासन को दें, लेकिन कानून अपने हाथ में न लें। भविष्य में भी ऐसे मामलों में पुलिस पूरी सख्ती से निपटेगी।

Author

Related Articles

Back to top button