बंदियों के बौद्धिक व नैतिक विकास के लिए सराहनीय पहल: रेडक्रॉस सोसायटी ने जिला जेल पचौर को भेंट कीं 61 प्रेरणादायी पुस्तकें

सिंगरौली: समाज के प्रत्येक वर्ग तक सकारात्मक विचारों के प्रसार और कैदियों के आत्मसुधार के उद्देश्य से इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी सिंगरौली द्वारा जिला जेल पचौर के पुस्तकालय को 61 ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी पुस्तकें प्रदान की गई हैं। यह सराहनीय कार्य रेडक्रॉस सोसायटी के प्रेसिडेंट एवं जिला कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशानुसार और संयुक्त कलेक्टर सुश्री सौम्या मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।कार्यक्रम के दौरान रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन श्री एस.डी. सिंह और सचिव डॉ. ओ.पी. राय ने विशेष रूप से उपस्थित होकर पुस्तकों का पूरा सेट जेल अधीक्षक श्री एल.के. त्रिपाठी को औपचारिक रूप से सौंपा। इन पुस्तकों में हिंदी साहित्य, महान विभूतियों की जीवनियां, आत्मकथाएं, सकारात्मक चिंतन और आध्यात्मिक विषयों से जुड़ीं रचनाएं शामिल हैं।
मुख्यधारा में लौटने की मिलेगी प्रेरणा:
रेडक्रॉस चेयरमैन श्री एस.डी. सिंह ने कहा कि ज्ञानवर्धक साहित्य से बंदियों में सकारात्मक सोच और आत्मअनुशासन विकसित होगा, जो उन्हें सजा काटने के बाद समाज की मुख्यधारा में पुनः स्थापित होने के लिए प्रेरित करेगा।
जेल अधीक्षक एल.के. त्रिपाठी ने रेडक्रॉस सोसायटी की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि इन पुस्तकों से बंदियों के व्यक्तित्व निर्माण में बड़ा सहयोग मिलेगा। इस अवसर पर रेडक्रॉस के मुकुल किशोर, जयप्रकाश दुबे, शिरीन, अरविंद विश्वकर्मा सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।













